
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका-ईचागढ़ मुख्य मार्ग स्थित गौरंगकोचा ब्लॉक मोड़ के पास शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब एक बजे सड़क से गुजर रहा एक कंटेनर ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। शॉर्ट सर्किट होते ही कंटेनर के भीतर भीषण आग लग गई।
कंबल और टायर लदे होने से भड़की आग
जानकारी के अनुसार, कंटेनर में भारी मात्रा में नए टायर और कंबल लोड थे। जैसे ही शॉर्ट सर्किट हुआ, कंबलों ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते कंटेनर से धुएं का काला गुबार उठने लगा। बीच सड़क पर आग की लपटें देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की आवाजाही रुक गई।
ग्रामीण बने ‘संकटमोचक’
घटना के वक्त अग्निशमन विभाग के पहुंचने से पहले स्थानीय ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए पानी और बालू के साथ उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया। ग्रामीणों की तत्परता का ही परिणाम था कि आग टायरों तक नहीं पहुंच पाई। अगर टायरों में आग लग जाती, तो कंटेनर में ब्लास्ट होने का खतरा था, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
सैकड़ों कंबल राख, करोड़ों का माल सुरक्षित
सूचना पाकर जब तक अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था।इस घटना में कंटेनर में रखे सैकड़ों कंबल जलकर राख हो गए।टायरों तक आग न पहुंचने के कारण करोड़ों रुपये का माल सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस और प्रशासन की जांच शुरू
घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया यह हादसा बिजली के लटकते तारों की वजह से होना बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने विभाग से लटकते तारों को दुरुस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा दिखाए गए साहस और सूझबूझ की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
