जमशेदपुर के मानगो स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से नि:शुल्क कांवर यात्रा के पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर युक्त पोस्टर का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ विमोचन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।
9 अगस्त को 1000 शिवभक्त जाएंगे सुल्तानगंज
संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि इस वर्ष 9 अगस्त को संघ की ओर से 1000 शिवभक्तों को सुल्तानगंज ले जाया जाएगा। वहां से श्रद्धालु पैदल कांवर यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे।
पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा पंजीयन
संघ द्वारा जारी पोस्टर में पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक श्रद्धालु फोन के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा और पंजीकृत श्रद्धालुओं के लिए बस में सीट आरक्षित की जाएगी।
इन लोगों का होगा पंजीयन
विकास सिंह ने बताया कि यात्रा के लिए 18 वर्ष से अधिक और 60 वर्ष से कम आयु के श्रद्धालुओं का ही पंजीयन किया जाएगा। यात्रा में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
यात्रा में मिलेंगी कई नि:शुल्क सुविधाएं
उन्होंने बताया कि यात्रा में शामिल शिवभक्तों के लिए स्वास्थ्य सुविधा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, धर्मशाला में ठहरने की व्यवस्था और शुद्ध निरामिष भोजन पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमित ठहराव व्यवस्था को देखते हुए इस बार यात्रियों की संख्या 1000 निर्धारित की गई है।
राजकुमार श्रीवास्तव दंपति ने किया पोस्टर विमोचन
पोस्टर का विमोचन राजकुमार श्रीवास्तव एवं उनकी धर्मपत्नी कुमकुम श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर आशुतोष सिंह, किशोर बर्मन, कृष्णा सिंह, हेमंत सिंह, दुर्गा दत्ता, सिद्धेश्वरी देवी, पायल कुमारी, अजय लोहार, संदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
