जमशेदपुर :’युवा तुर्क’ के नाम से विख्यात पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी की जन्मशती के अवसर पर जदयू द्वारा आयोजित समारोह में विधायक सरयू राय ने उनके साथ बिताए अपने अनुभवों को याद किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर जी एक ऐसे विरले नेता थे, जिनके व्यक्तित्व के समानांतर कोई दूसरा नहीं हो सकता।
संबंधों के निर्वहन में बेबाक थे चंद्रशेखर
सरयू राय ने चंद्रशेखर जी की निर्भीकता और मित्रता निभाने के जज्बे पर कई उदाहरण दिए । जब बाहुबली नेता सूर्यदेव सिंह जेल में थे, तब चंद्रशेखर जी समाज की परवाह किए बिना उनसे मिलने जेल पहुँच गए थे। उन्होंने कभी अपने संबंधों को छुपाया नहीं, बल्कि गर्व से उन्हें स्वीकार किया। वैचारिक मतभेदों के बावजूद अटल बिहारी वाजपेयी और चंद्रशेखर के बीच प्रगाढ़ मित्रता थी। चंद्रशेखर उन्हें ‘गुरुजी’ कहते थे, तो अटल जी उन्हें प्यार से ‘गुरुघंटाल’ पुकारते थे।
वैचारिक मतभेद पर भारी पड़ा स्नेह
विधायक सरयू राय ने ‘भारत यात्रा ट्रस्ट’ के गठन के समय का एक संस्मरण साझा करते हुए बताया जब चंद्रशेखर जी ने कन्याकुमारी से राजघाट तक 4600 किमी की पदयात्रा की, तो वे हर राज्य में ट्रस्ट बना रहे थे। मैंने इसका विरोध किया, जिससे उनके करीबी मुझसे नाराज हो गए। लेकिन चंद्रशेखर जी ने मेरी आलोचना को कभी व्यक्तिगत नहीं लिया और उनका स्नेह मेरे प्रति हमेशा बरकरार रहा।”
ऐतिहासिक निर्णय और राजनीतिक सफर
कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर जी के राजनीतिक जीवन के प्रमुख पड़ावों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस में रहते हुए उन्होंने इंदिरा गांधी की इच्छा के विरुद्ध वर्किंग कमेटी का चुनाव लड़ा और जीतकर अपनी ताकत दिखाई। प्रधानमंत्री रहते हुए देश के सोने को गिरवी रखकर डॉलर लेने के उनके कड़े फैसले को सरयू राय ने उस समय की आवश्यकता बताया। उनके समर्थक अक्सर ‘चार माह बनाम चालीस साल’ का नारा देते थे, जो उनके संक्षिप्त लेकिन प्रभावी कार्यकाल को दर्शाता था।
सादगी की मिसाल था दिल्ली आवास
समारोह में समाजसेवी शिवशंकर सिंह ने उनके दिल्ली आवास की सादगी का जिक्र करते हुए बताया कि वहां बलिया से आए लोगों और आम जनता के लिए हमेशा भोजन (दाल-भात-सब्जी) की व्यवस्था रहती थी और लोग बिना किसी औपचारिकता के वहां दरी पर सो सकते थे।
भविष्य की योजना
विधायक सरयू राय ने घोषणा की कि चंद्रशेखर जी के इस शताब्दी वर्ष के दौरान वे रांची, बोकारो, धनबाद और पटना जैसे शहरों में भी कार्यक्रमों का आयोजन कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाएंगे।
समारोह का संचालन
कार्यक्रम का सफल संचालन जदयू महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू ने किया, जबकि महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
