जमशेदपुर: विक्की की जगह भाई विकास को उतारा मौत के घाट, उलीडीह हत्याकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार

जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र में हुए विकास सिंह हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह हत्या ‘प्रतिशोध’ (बदला) की भावना से की गई थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उलीडीह निवासी सूरज कुटिया और राजू कुंभकार के रूप में हुई है।

भाई की हत्या का बदला लेने के लिए रची साजिश

एसएसपी पीयूष पांडेय ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह मामला पुरानी रंजिश और बदले से जुड़ा है। आरोपी राजू कुंभकार के मौसेरे भाई सौरभ शर्मा उर्फ पवन की करीब एक साल पहले हत्या हुई थी। उस हत्याकांड में विकास सिंह के छोटे भाई विक्की सिंह का नाम आया था, जो हाल ही में जेल से बाहर आया है। राजू अपने भाई की मौत का बदला विक्की से लेना चाहता था। लेकिन विक्की तक नहीं पहुँच पाने के कारण उसने उसके बड़े भाई विकास सिंह को मारने की योजना बनाई।

नशा करने के बहाने बुलाया और कर दी हत्या

योजना के अनुसार, आरोपियों ने विकास सिंह (निवासी: शंकोसाईं रोड नंबर-2) को नशा करने के बहाने साथ बुलाया। उसे उलीडीह स्थित आदिवासी क्लब के पास सुनसान जगह पर ले जाया गया। वहां सूरज और राजू ने मिलकर चाकू और लोहे के रॉड से विकास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दोनों को धर दबोचा।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे की रॉड बरामद कर ली है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी का बयान

“यह हत्या पूरी तरह से प्लानिंग के तहत बदले की भावना से की गई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के बल पर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।”

More From Author

जमशेदपुर: गोलमुरी फायरिंग मामले का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार, हथियार और चोरी की बाइक बरामद