जमशेदपुर: एसबीआई बैंक एटीएम में कार्यरत 140 सुरक्षा कर्मियों को हटाए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। नौकरी से हटाए गए सुरक्षा कर्मी चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं और वरीय अधिकारियों से पुनः बहाली की मांग कर रहे हैं।सोमवार को सुरक्षा कर्मियों ने झामुमो कार्यालय में बैठक आयोजित की, जिसके बाद सभी ने जिले के उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
डब्लूडब्लूएसओ कंपनी पर लगाया अचानक सेवा समाप्ति का आरोप
सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि एसबीआई बैंक के कॉन्ट्रैक्टर कंपनी डब्लूडब्लूएसओ द्वारा व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से 30 अप्रैल से कार्यमुक्त करने का आदेश जारी कर दिया गया था। कर्मचारियों के अनुसार, कंपनी ने यह भी कहा था कि उनके बकाया भुगतान को जल्द पूरा कर दिया जाएगा, लेकिन दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद अब तक कोई पहल नहीं की गई है।
एसबीआई प्रबंधन से भी की गई वार्ता
प्रदर्शन कर रहे सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि उन्होंने एसबीआई प्रबंधन से भी बातचीत की थी। उनकी मांग थी कि यदि नया ठेकेदार नियुक्त किया जाता है तो पुराने सुरक्षा कर्मियों को ही काम पर रखा जाए। हालांकि, बैंक प्रबंधन की ओर से अब तक किसी प्रकार का ठोस आश्वासन नहीं मिला है।
परिवारों पर मंडरा रहा आर्थिक संकट
सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि नौकरी जाने के बाद उनके परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। करीब 140 परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। कर्मचारियों ने उपायुक्त से इस मामले में हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग की है।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
सुरक्षा कर्मियों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन और बैंक प्रबंधन से मानवीय आधार पर पुनः बहाली और बकाया भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की है।
