जमशेदपुर: वर्ल्ड ओशन डे पर करीम सिटी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स का ‘पुनीत सागर अभियान’, सोनारी दोमुहानी नदी तट से हटाया कचरा

जमशेदपुर। विश्व महासागर दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय कैडेट कोर की करीम सिटी कॉलेज यूनिट ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। एनसीसी कैडेट्स द्वारा सोनारी स्थित दोमुहानी (सुवर्णरेखा और खरकई नदी का संगम स्थल) पर ‘पुनीत सागर अभियान-2026’ के तहत एक व्यापक नदी सफाई अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों को प्लास्टिक मुक्त बनाना और आम लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

52 कैडेट्स ने चलाया महा-सफाई अभियान

नदियों को स्वच्छ रखने के इस पुनीत कार्य में करीम सिटी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस अभियान में 32 सीनियर डिवीजन और 20 सीनियर विंग कैडेट्स समेत कुल 52 कैडेट्स शामिल हुए।कैडेट्स ने दोमुहानी नदी के घाटों और किनारों पर बिखरे प्लास्टिक, पूजा सामग्री और अन्य कचरों को चुनकर साफ किया। सफाई के साथ-साथ कैडेट्स ने वहां मौजूद स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं के बीच पर्यावरण सुरक्षा, जल संसाधनों के महत्व और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश फैलाया।

पीआईए स्टाफ और एनसीसी ऑफिसर की देखरेख में हुआ कार्य

यह पूरा कार्यक्रम संबंधित बटालियन से आए दो पीआईए स्टाफ की प्रत्यक्ष देखरेख और तकनीकी मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस मौके पर कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्हें जल निकायों की स्वच्छता, ईको-सिस्टम की सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।यह पूरा अभियान करीम सिटी कॉलेज के एनसीसी ऑफिसर मेजर डॉ. फखरुद्दीन अहमद के कुशल नेतृत्व में संचालित किया गया। कैडेट्स ने इस अवसर पर सामूहिक संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी पर्यावरण सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े हर अभियान में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाएंगे।

प्रिंसिपल डॉ. मुहम्मद रेयाज ने दी बधाई

सफलतापूर्वक अभियान संपन्न होने पर करीम सिटी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मुहम्मद रेयाज ने एनसीसी ऑफिसर मेजर डॉ. फखरुद्दीन अहमद और सभी जांबाज कैडेट्स की पीठ थपथपाई। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि युवाओं की ऐसी भागीदारी ही समाज और पर्यावरण में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।

More From Author

अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस पर टाटानगर में विशेष अभियान, लोगों को रेल सुरक्षा का दिया गया संदेश

जमशेदपुर: क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक का प्रदर्शन, सफाई, सड़क और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

Recent News