जमशेदपुर। अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहर के विभिन्न रेलवे फाटकों और क्रॉसिंग क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक, जनसंपर्क कार्यक्रम और हैंडबिल वितरण के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों से हुई अभियान की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत शहर के सबसे अधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में शामिल जुगसलाई रेलवे क्रॉसिंग और सुंदरनगर फाटक के समीप की गई। यहां सिविल डिफेंस टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को रेलवे फाटक पार करते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
लापरवाही के खतरों से कराया अवगत
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि बंद रेलवे फाटक को पार करना, ट्रैक पर अनधिकृत रूप से चलना या जल्दबाजी में रेल लाइन पार करना गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। टीम ने रेलवे ट्रैक और फाटक पार करने में लापरवाही के परिणामों के साथ-साथ रेल अधिनियम के तहत मिलने वाले दंड और कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी।
आरओबी और आरयूबी के उपयोग की अपील
सिविल डिफेंस टीम ने नागरिकों से रेलवे क्रॉसिंग पर उपलब्ध रोड ओवर ब्रिज (ROB) और रोड अंडर ब्रिज (RUB) का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की। टीम ने कहा कि इन सुविधाओं का उपयोग कर लोग न केवल अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं, बल्कि रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है।
विभिन्न रेलवे फाटकों पर चलाया गया जनजागरूकता अभियान
जागरूकता अभियान के तहत जुगसलाई स्थित पूर्व रेल क्रॉसिंग रोड ओवर ब्रिज, परसुडीह, करनडीह और सुंदरनगर रेलवे क्रॉसिंग फाटकों पर भी व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान राहगीरों को सुरक्षा संबंधी पर्चे वितरित किए गए और रेलवे नियमों का पालन करने की अपील की गई।
