जमशेदपुर: क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक का प्रदर्शन, सफाई, सड़क और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

जमशेदपुर। जिला परिषद सदस्य संख्या-9 पूर्णिमा मलिक ने अपने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण और जल निकासी की समस्याओं पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।पूर्णिमा मलिक ने कहा कि बागबेड़ा की तर्ज पर परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह क्षेत्रों में भी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के माध्यम से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है और बड़े नालों के जाम रहने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बरसात शुरू होने से पहले जुगसलाई नगर परिषद द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि जलजमाव और गंदगी की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

सड़क निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी

जिला परिषद सदस्य ने शीतला चौक से व्यंगबिल तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व इस सड़क का शिलान्यास किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।उन्होंने कहा कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बरसात से पहले निर्माण कार्य शुरू कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।

करनडीह फाटक के पास जर्जर नाली की समस्या उठाई

पूर्णिमा मलिक ने उत्तरी करनडीह पंचायत के करनडीह फाटक के समीप जर्जर नाली की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि नाली टूट जाने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी हो रही है।उन्होंने प्रशासन से अविलंब नाली की मरम्मत कराने तथा जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।

आंदोलन की चेतावनी

पूर्णिमा मलिक ने कहा कि यदि क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के सहयोग से व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर गंभीरता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई करने की अपील की।

More From Author

जमशेदपुर: वर्ल्ड ओशन डे पर करीम सिटी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स का ‘पुनीत सागर अभियान’, सोनारी दोमुहानी नदी तट से हटाया कचरा

जमशेदपुर: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर जेएमएम ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि; जल, जंगल और जमीन की रक्षा का लिया संकल्प