जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। टेल्को थाना क्षेत्र, जमशेदपुर के तार कंपनी गेट के पास स्कूटी सवार युवक ने सामने से आ रही कार में सीधी टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान राजा के रूप में
हादसे में घायल युवक की पहचान टेल्को निवासी राजा के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल, जमशेदपुर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
तेज गर्मी के कारण बिगड़ी तबीयत की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी सवार राजा साकची की ओर से आ रहा था। आशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी के कारण अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही कार से टकरा गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।
