जेल में बंद मनीष सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य संकी गोहिल को पुलिस ने किया गिरफ्तार, रंगदारी के लिए हत्या करने के फिराक मे था

जमशेदपुर:सिटी एसपी ललित मीणा ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शहर में होने वाली एक संभावित हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया। पुलिस ने गोलमुरी स्थित डी एस फ्लैट से मनीष सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य संकी गोहिल को गिरफ्तार किया है, जो जेल में बंद मनीष के इशारे पर रंगदारी वसूलने और हत्या की योजना बनाने का काम कर रहा था।

गुप्त सूचना पर मारी छापेमारी

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जेल में बंद अपराधी मनीष सिंह ने अपने सहयोगी संकी गोहिल के माध्यम से किसी की हत्या करने और रंगदारी वसूलने की बड़ी योजना बनाई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी और उनकी टीम ने गोलमुरी इलाके में घेराबंदी कर संकी गोहिल को धर दबोचा।

मनीष सिंह का ‘खाता-बही’ संभालता था संकी

पूछताछ के दौरान संकी गोहिल ने गिरोह के संचालन को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। वह न केवल मनीष सिंह के कहने पर रंगदारी की वसूली करता था, बल्कि वसूली गई रकम का पूरा हिसाब-किताब भी रखता था। उसने स्वीकार किया कि मनीष के निर्देश पर वह किसी की हत्या करने वाला था, हालांकि उसने टारगेट का नाम स्पष्ट नहीं किया है।पुलिस ने उसके पास से कई ब्लैंक चेक और इकरारनामा बरामद किए हैं। आशंका है कि इनका इस्तेमाल डरा-धमका कर संपत्तियों को हड़पने या रंगदारी वसूलने के लिए किया जाना था।

पहले भी जेल जा चुका है संकी

संकी गोहिल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। सिटी एसपी ने बताया उस पर हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कम से कम तीन मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2025 में ही जेल से छूटकर बाहर आया था और दोबारा मनीष सिंह के लिए सक्रिय हो गया था।मनीष सिंह के अन्य सहयोगी दीपक और रोशन सिंह पहले ही सलाखों के पीछे भेजे जा चुके हैं।

आगे की कार्रवाई:रिमांड पर लेगी पुलिस

पुलिस ने संकी गोहिल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि पुलिस जल्द ही उसे रिमांड पर लेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसकी हत्या करने वाला था और गिरोह के कौन-कौन से सदस्य अभी बाहर सक्रिय हैं।

More From Author

जमशेदपुर में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, पथराव और तोड़फोड़ से इलाके में तनाव

सरायकेला: जच्चा-बच्चा की मौत पर प्रशासन सख्त; सांसद और उपायुक्त पहुंचे गांव, मुआवजे के साथ जांच के आदेश