सिंहभूम चैंबर ने बांटे 3 लाख रुपये के सिक्के, अब तक 40 लाख की नकदी बाजार में प्रवाहित

जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने सोमवार को बैंक ऑफ इंडिया, बिष्टुपुर के सहयोग से विशेष सिक्का वितरण शिविर का आयोजन किया। इस दौरान चैंबर के सदस्यों और शहर के छोटे व्यापारियों के बीच कुल तीन लाख रुपये के सिक्के वितरित किए गए।

छोटे व्यापारियों की समस्या का समाधान

चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने इस अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा बाजार में रोजमर्रा के कार्यों के दौरान खुचरा पैसों की कमी एक बड़ी बाधा बनती है। सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से ग्राहकों और दुकानदारों के बीच होने वाली चिक-चिक कम होगी।सिक्कों की कमी से न केवल व्यापार प्रभावित होता है, बल्कि छोटे स्तर के स्वरोजगार (जैसे रेहड़ी-पटरी वाले) को भी भारी नुकसान होता है। इस अभियान से बाजार व्यवस्था सुदृढ़ होगी।मानव केडिया ने बताया कि चैंबर अब तक विभिन्न बैंकों के सहयोग से तकरीबन 40 लाख रुपये के सिक्के बाजार में वितरित कर चुका है।

जारी रहेगा अभियान: भरत मकानी

ट्रेड एंड कॉमर्स सचिव भरत मकानी ने सदस्यों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि खुदरा पैसों की समस्या का स्थायी समाधान निकालना चैंबर की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में अन्य विभिन्न बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर इस वितरण अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा।चैंबर का प्रयास है कि यह सुविधा शहर के हर छोटे-बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान तक पहुंचे ताकि किसी का भी व्यवसाय खुचरा पैसों की वजह से न रुके।

व्यापारियों में उत्साह

चैंबर के इस कदम का स्थानीय व्यापारियों ने स्वागत किया है। व्यापारियों का कहना है कि बैंकों से सीधे सिक्के मिलना कठिन होता है, ऐसे में चैंबर का यह प्रयास उनके व्यवसाय के लिए संजीवनी का काम कर रहा है।

More From Author

चक्रधरपुर रेल मंडल: ट्रेनों की लेटलतीफी पर रेलवे का बड़ा दावा; 35% से बढ़कर 75% हुई पंक्चुअलिटी, बिछेगी 5वीं-6ठी लाइन

बागबेड़ा में रेलवे की कार्रवाई पर भारी बवाल:इंजीनियरिंग टीम के साथ हाथापाई; विरोध के कारण टला अतिक्रमण अभियान