
जमशेदपुर। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को जमशेदपुर दौरे के दौरान झारखंड की राजनीति में चल रही सत्ता परिवर्तन की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मजबूत नेतृत्वकर्ता हैं और किसी भी परिस्थिति में भाजपा के आगे नहीं झुकेंगे। झारखंड में महागठबंधन की सरकार स्थिर है और पूरी मजबूती के साथ आगे भी चलती रहेगी।
भाजपा अफवाह फैलाने की मास्टर :स्वास्थ्य मंत्री
डॉ. अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ़ “अफवाह फैलाना और भ्रम की राजनीति करना” रह गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन झारखंड की जनता अब सब जानती है।उन्होंने कहा सत्ता परिवर्तन की हवा बनाने वाली भाजपा अफवाहों की हेड मास्टर है। महागठबंधन की सरकार जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और अपने कार्यकाल को पूरा करेगी।
केंद्र पैसा न दे तो भी राज्य सक्षम
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड की हिस्सेदारी की राशि रोककर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।उन्होंने कहा अगर केंद्र पैसा रोकता है, तो भी झारखंड अन्य संसाधनों से राजस्व जुटाने में सक्षम है। राज्य अपने दम पर विकास कार्यों को जारी रखेगा।
एमजीएम अस्पताल को पूरी तरह चालू करने पर बड़ा बयान
जमशेदपुर के नए एमजीएम अस्पताल का मुद्दा उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल को पूरी क्षमता के साथ चालू करने में सबसे बड़ी बाधा पानी की कमी है।
एमजीएम अस्पताल में पानी संकट दूर करने की तैयारी
अस्पताल परिसर में डीप बोरिंग की स्वीकृति दे दी गई है।साथ ही टाटा स्टील से पानी उपलब्ध कराने के लिए जल्द बातचीत की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्तमान में टाटा स्टील अस्पताल को पानी की आपूर्ति नहीं कर रही है, जिससे संचालन प्रभावित हो रहा है।डॉ. अंसारी ने भरोसा दिलाया कि जैसे ही पानी की स्थायी व्यवस्था हो जाएगी, एमजीएम अस्पताल को पूर्ण रूप से और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाएगा।
महागठबंधन सरकार मजबूत—जनता के मुद्दों पर काम जारी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार जनता के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर लगातार काम कर रही है।उन्होंने दावा किया कि झारखंड की राजनीतिक स्थिरता को खतरा बताना भाजपा का “मनगढ़ंत नैरेटिव” है।
