
जमशेदपुर: आम आदमी पार्टी (आप) अब दिल्ली और पंजाब की सफलता के बाद झारखंड में अपनी जड़ें मजबूत करने में जुट गई है। रविवार को गोलमुरी स्थित टुइला डुंगरी स्कूल के सभागार में आयोजित प्रदेश और जोनल पदाधिकारियों की बैठक में पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रभारी शिवचरण गोयल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी राज्य की जन समस्याओं को लेकर अब सड़कों पर उतरेगी।
मात्र 10 वर्षों में राष्ट्रीय पार्टी का गौरव
बैठक को संबोधित करते हुए शिवचरण गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अपने मात्र दस वर्ष के सफर में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त कर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। दिल्ली और पंजाब के बाद अब गुजरात, गोवा और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में पार्टी का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है।”झारखंड में हमें पूर्व में स्थापित दलों की लकीर से भी बड़ी लकीर खींचनी होगी। इसके लिए हमें एक मजबूत और जन-केंद्रित संगठन का निर्माण करना होगा।” – शिवचरण गोयल (प्रदेश प्रभारी)
नगर निकाय चुनाव पर फोकस: “पत्ते झड़ेंगे, तभी नए उगेंगे”
प्रदेश सह प्रभारी सुशील कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को आगामी नगर निकाय चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए एक महत्वपूर्ण उदाहरण दिया।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता वृक्ष के पत्तों की तरह होते हैं; कुछ पत्तों के झड़ने के बाद ही नए पत्ते उगते हैं। इसलिए संगठन में निरंतर नए लोगों को जोड़ना अनिवार्य है।झारखंड के हर जिले में संगठन विस्तार का काम जारी है और आगामी निकाय चुनाव में ‘आप’ पूरे दमखम के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।
कोल्हान में संगठनात्मक मजबूती पर मंथन
बैठक के द्वितीय सत्र में कोल्हान प्रमंडलीय स्तर के पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ विशेष चर्चा हुई। इसमें कोल्हान क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं और संगठनात्मक मुद्दों पर कार्य-योजना तैयार की गई। प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कार्यक्रम का संचालन किया। इससे पूर्व कोल्हान प्रभारी बिनोद सिंह और पूर्वी सिंहभूम प्रभारी अश्विनी मथान ने अतिथियों का स्वागत किया।
बैठक में ये प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता भाष्कर सुमन, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रभात शर्मा, कोष-प्रभारी पवन पांडेय, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ प्रभारी शालिग्राम मिश्रा, और सोशल मीडिया प्रभारी सूर्य प्रकाश सहित कई जोनल और समन्वय समिति के सदस्य उपस्थित थे। नगर निकाय प्रभारी नरेंद्र चौबे और विधि प्रकोष्ठ के अमित कुमार ने भी अपनी-अपनी कार्य-योजनाएं साझा कीं।
