
जमशेदपुर :मानगो नगर निगम चुनाव 2026 की सरगर्मी के बीच मेयर पद की प्रबल दावेदार ज़ेबा ख़ान ने हुंकार भर दी है। नामांकन से ठीक पहले रविवार को रोड नंबर-17 स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने विरोधियों पर तीखा हमला बोला। ज़ेबा ख़ान ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव केवल सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि मानगो की जनता को ‘डर के साये’ से आज़ाद कराने और उनके हक की लड़ाई है।
डर का माहौल खत्म करेगी मानगो की जनता”
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ज़ेबा ख़ान ने मानगो की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा मानगो में आज डर का माहौल पैदा कर दिया गया है। लोग बदलाव तो चाहते हैं, लेकिन खुलकर बोलने से कतराते हैं। घनी आबादी के बावजूद मानगो सड़क, पानी, सफाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। वर्षों से सत्ता का सुख भोगने वालों ने जनता को केवल खोखले वादे दिए हैं।उन्होंने नारा दिया मानगो को डर नहीं, हक़ चाहिए; चुप्पी नहीं, आवाज़ चाहिए।”
‘मानगो की बेटी’ का विजन: महिलाओं और युवाओं पर फोकस
खुद को ‘मानगो की बेटी’ बताते हुए ज़ेबा ख़ान ने कहा कि वे यहाँ की समस्याओं के बीच पली-बढ़ी हैं और ज़मीनी हकीकत को जानती हैं। उनके चुनावी एजेंडे में प्रमुख बिंदु शामिल हैं भ्रष्टाचार मुक्त और जवाबदेह नगर निगम, मानगो की सड़कों और मोहल्लों को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाना,युवाओं के लिए कौशल विकास और बेहतर शिक्षा के अवसर,मानगो के हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्यों को धरातल पर उतारना।इस दौरान उनके साथ वार्ड नंबर 30 और वार्ड नंबर 1 के प्रत्याशी भी मौजूद रहे, जिन्होंने ज़ेबा ख़ान के नेतृत्व में एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संकल्प दोहराया।
कल निकलेगी भव्य नामांकन रैली (शक्ति प्रदर्शन)
ज़ेबा ख़ान सोमवार (2 फरवरी) को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इसके लिए एक विशाल नामांकन रैली की तैयारी की गई है।रैली सुबह 11:00 बजे जवाहरनगर कार्यालय से रैली का आगाज़ होगा।जवाहरनगर कार्यालय से ओल्ड पुरुलिया रोड होते हुए रैली वापस जवाहरनगर और मानगो चौक से गुजरते हुए डीसी ऑफिस (साकची) पहुँचेगी। रैली में घटक दलों के दिग्गज नेता, सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होकर अपनी ताकत का अहसास कराएंगे।
जनता से अपील: भय मुक्त होकर करें मतदान
अंत में ज़ेबा ख़ान ने मानगो वासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों के भविष्य और इंसाफ के लिए एकजुट हों। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई ज़ेबा ख़ान अकेले नहीं लड़ रही, बल्कि हर वह नागरिक लड़ रहा है जो मानगो को बेहतर देखना चाहता है।
