मानगो निकाय चुनाव: जाम ने बिगाड़ा ज़ेबा ख़ान का खेल; लाव-लश्कर के साथ निकलीं मेयर प्रत्याशी को बिना नामांकन लौटना पड़ा वापस

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड निकाय चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया का सोमवार को चौथा दिन था, लेकिन मानगो नगर निगम में मेयर पद के लिए स्थिति जस की तस बनी रही। भारी तामझाम और सैकड़ों समर्थकों के साथ नामांकन करने निकलीं मेयर प्रत्याशी ज़ेबा ख़ान को समय की पाबंदी और मानगो के भीषण जाम के कारण बैरंग लौटना पड़ा।

जाम की भेंट चढ़ीं नामांकन की तैयारियां

ज़ेबा ख़ान सोमवार सुबह अपने जवाहरनगर स्थित कार्यालय से गाजे-बाजे और समर्थकों के ‘लाव-लश्कर’ के साथ नामांकन दाखिल करने निकली थीं। योजना के अनुसार उन्हें समाहरणालय पहुँचकर निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष पर्चा दाखिल करना था। लेकिन मानगो और साकची को जोड़ने वाले रास्तों पर लगे भीषण जाम ने उनकी रफ्तार रोक दी। जाम में फंसने के कारण ज़ेबा ख़ान नामांकन के निर्धारित समय के भीतर प्रवेश द्वार तक नहीं पहुँच सकीं।चुनाव आयोग के सख्त नियमों और समय सीमा के कारण अधिकारियों ने उन्हें नामांकन कक्ष में प्रवेश देने से मना कर दिया। जिससे उनकी सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं।

मायूस होकर लौटीं ज़ेबा, कल करेंगी दोबारा प्रयास

नामांकन दाखिल न कर पाने के कारण ज़ेबा ख़ान और उनके समर्थकों में भारी मायूसी देखी गई। समर्थकों की भारी भीड़ और शक्ति प्रदर्शन के बावजूद तकनीकी रूप से नामांकन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। ज़ेबा ख़ान ने बताया कि वे अब मंगलवार (3 फरवरी) को दोबारा अपना नामांकन दाखिल करने पहुँचेंगी।

नामांकन के बचे हैं मात्र दो दिन

मानगो नगर निगम में चौथे दिन के अंत तक भी मेयर पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने आधिकारिक रूप से नामांकन दाखिल नहीं किया है। नामांकन के लिए अब केवल दो दिन की मियाद शेष है।अंतिम दो दिनों में मेयर पद के अन्य बड़े दावेदारों के साथ-साथ वार्ड पार्षदों की भी भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिससे प्रशासन के लिए सुरक्षा और समय का प्रबंधन करना चुनौतीपूर्ण होगा।

प्रशासन की चेतावनी

निर्वाची पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशी समय का विशेष ध्यान रखें। मानगो के ट्रैफिक और संभावित जाम को देखते हुए प्रत्याशियों को समय से काफी पहले निकलने की सलाह दी गई है ताकि सोमवार जैसी स्थिति दोबारा न बने।

More From Author

नक्शा विचलन कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट की ‘रोकटोक’; JNAC के अभियान पर लगा ब्रेक, बिल्डरों को बड़ी राहत

जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता: साकची से लापता बालक ‘बीरू’ महाराष्ट्र से बरामद, 20 दिनों की मेहनत लाई रंग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.