
जमशेदपुर: झारखंड में होने वाले आगामी नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। सोमवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में जिला निर्वाचन पदाधिकारी के आदेशानुसार एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के प्रत्याशियों को चुनाव से जुड़ी बारीकियों और कड़े नियमों की जानकारी दी गई।
चुनावी खर्च और आचार संहिता पर विशेष जोर
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के उम्मीदवारों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का पाठ पढ़ाया गया। शिविर में मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर चर्चा की गई जिसमे बैलट पेपर के माध्यम से होने वाली मतदान विधि की विस्तृत जानकारी। चुनाव प्रचार के दौरान खर्च किए जाने वाले धन की अधिकतम सीमा और उसके संधारण के तरीके।जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने प्रत्याशियों को चुनावी खर्च का हिसाब-किताब रखने और उसे जमा करने की कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में बताया। विज्ञापन और जनसंपर्क के दौरान किन बातों का ध्यान रखना है, इस पर भी दिशा-निर्देश दिए गए।
निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एआरओ सह रिटर्निंग ऑफिसर कल्याण जी आनंद ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के लिए यह प्रशिक्षण अनिवार्य था। उन्होंने कहा सभी प्रत्याशियों को चुनाव संबंधी नियमों, व्यय सीमा और मतदान प्रक्रिया से अवगत कराया गया है। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य चुनाव को पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
इस प्रशिक्षण शिविर में दोनों निकायों के ऑब्जर्वर, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी और जीएसटी विभाग के विशेषज्ञ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उम्मीदवारों की शंकाओं का समाधान किया और चेतावनी दी कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
