
जमशेदपुर।मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर 13 स्थित तैयबा मस्जिद के समीप रविवार शाम करीब 5 बजे अपराधियों ने सरेआम गोलीबारी कर दी। बाइक सवार चार अपराधियों ने रंगदारी और वर्चस्व को लेकर बब्बे नामक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए। गोली लगने से बब्बे गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि गोली उसकी पसलियों (रिब्स) में लगी है, हालांकि फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
घटनास्थल से बरामद गोली और खोखा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर चार की संख्या में थे और बाइक पर सवार होकर आए थे। वहीं दो युवक पहले से इलाके में उसकी रेकी कर रहे थे।
कुख्यात अपराधियों पर आरोप
सूत्रों के अनुसार, इस वारदात में कुख्यात अपराधी वसीम, रौनक और उनके दो साथियों का नाम सामने आ रहा है। वसीम का आपराधिक इतिहास पुराना रहा है और उसका नाम पहले भी कई संगीन मामलों में सामने आ चुका है। बताया जा रहा है कि हाल ही में वसीम ने बब्बे से रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने पर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घायल युवक भी आपराधिक पृष्ठभूमि का
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घायल बब्बे भी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। वह कथित तौर पर बकरी चोरी गिरोह से जुड़ा रहा है और इसी कारण उसका कई अन्य गिरोहों से विवाद भी चल रहा था।
गैंगवार की आशंका से दहशत
पुलिस का मानना है कि इस घटना के पीछे आपसी गैंगवार और इलाके में वर्चस्व की लड़ाई भी कारण हो सकती है। मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमला केवल रंगदारी विवाद को लेकर किया गया या इसके पीछे किसी बड़े आपराधिक गिरोह की साजिश है।
इलाके में बढ़ते अपराध से लोगों में आक्रोश
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से मानगो क्षेत्र में रंगदारी वसूली और आपराधिक वारदातों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि इलाके में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि आम लोग भयमुक्त वातावरण में रह सकें।