
जमशेदपुर। भारत सरकार की महारत्न कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा परियोजना के तहत जमशेदपुर में शहरी गैस वितरण (सीजीडी) परियोजना के लिए टाटा स्टील लिमिटेड के साथ एक महत्वपूर्ण करार किया है। इस समझौते के तहत गेल टाटा स्टील के कॉम्बी मिल प्लांट को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति करेगा।
मार्च 2026 तक 31,000 एससीएमडी गैस की आपूर्ति
इस समझौते पर गेल के जनरल मैनेजर और सीजीडी इंचार्ज गौरी शंकर मिश्रा और टाटा स्टील के चीफ प्रोक्योरमेंट ऑफिसर रंजन कुमार सिन्हा ने हस्ताक्षर किए। इस एग्रीमेंट के अनुसार, गेल मार्च 2026 तक टाटा स्टील को 31,000 स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर्स पर डे (एससीएमडी) प्राकृतिक गैस की आपूर्ति करेगा, जिसे बाद में बढ़ाकर 43,000 एससीएमडी कर दिया जाएगा। टाटा स्टील के कॉम्बी मिल प्लांट को गैस की सप्लाई सितंबर के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। गेल सीजीडी के लिए यह अब तक का सबसे बड़ा औद्योगिक गैस आपूर्ति कॉन्ट्रैक्ट है।
औद्योगिक गलियारे में गैस नेटवर्क का विस्तार
कॉम्बी मिल को जोड़ने के लिए, गेल ने सोनारी, मानगो, गोलमुरी, गोल्फकोर्स रोड, टिनप्लेट, तार कंपनी, लेबर ब्यूरो, टेल्को और नुवोको से होते हुए 23 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन की कमीशनिंग का काम शुरू कर दिया है। इस पाइपलाइन के चालू होने से इस क्षेत्र के 10 से अधिक उद्योगों को 2 लाख एससीएम से अधिक गैस उपलब्ध कराने की क्षमता स्थापित होगी। इसके साथ ही, इस रूट पर सीएनजी स्टेशन और डीआरएस (डोमेस्टिक रेग्यूलेटिंग स्टेशन) लगाकर घरों और होटलों में भी पीएनजी की आपूर्ति की योजना है।
शहर में पीएनजी और सीएनजी का बढ़ता उपयोग
वर्तमान में, जमशेदपुर में 6,000 से अधिक घरों और 53 होटलों में पीएनजी की आपूर्ति की जा रही है। वहीं, 14 सीएनजी स्टेशनों से रोजाना 15,000 किलोग्राम से अधिक गैस की सप्लाई हो रही है, जिससे हजारों वाहन स्वच्छ प्राकृतिक गैस पर चल रहे हैं। इससे शहर के पर्यावरण और स्वास्थ्य में गुणात्मक सुधार हुआ है। गेल के जनरल मैनेजर गौरी शंकर मिश्रा ने बताया कि यह सहयोग औद्योगिक क्षेत्र को एक किफायती, पर्यावरण अनुकूल और सुविधाजनक ऊर्जा समाधान प्रदान करने के लिए गेल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि गेल जल्द ही इस क्षेत्र में अन्य उद्योगों को भी अपने नेटवर्क से जोड़ने की योजना बना रहा है।उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पीएनजी और सीएनजी का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर कोई पाइपलाइन के आसपास खुदाई करते हुए दिखता है, तो तुरंत गेल को 8987670901 पर सूचित करें ताकि नेटवर्क को सुरक्षित रखा जा सके और गैस की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे। यह एग्रीमेंट टाटा स्टील के कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में भी मदद करेगा और भारत के टिकाऊ ऊर्जा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में निजी और सरकारी क्षेत्र के बीच बढ़ते सहयोग का एक बेहतरीन उदाहरण है।